बंजारी गांव में लोनर हाथी ने फिर एक ग्रामीण के मकान को किया क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में भय व्याप्त

कोरबा 28 जुलाई। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत एतमानगर रेंज के मड़ई सर्किल में उत्पात मचाकर ग्रामीणों एवं वन विभाग की नाकों में दम कर देने वाला उत्पाती लोनर हाथी बीती रात एक बार फिर बंजारीपारा के रापेरपारा में धावा बोल दिया। हाथी रात्रि 2 बजे के लगभग बस्ती में चिंघाड़ते हुए पहुंचा और ईश्वर नामक एक ग्रामीण के घर को निशाना बनाते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया।

अचानक लोनर के यहां पहुंचने से ईश्वर के परिवार दहशत में आ गए, लेकिन हिम्मत जुटाते हुए घर के एक कोने में छिपकर जान बचाई और इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिस पर क्षेत्र में हाथियों की निगरानी में तैनात वन विभाग के कर्मचारियों व हाथी मित्र दल की टीम बिना विलंब किए मौके पर पहुंची और लोनर से घिरे ईश्वर व उसके परिवार को घर से निकालकर सुरखित ठिकाने पर पहुंचाया। तत्पश्चात् लोनर को खदेड़ा जिस पर लोनर ने वापस जंगल का रूख किया। रात भर टीम गांव में ही डटी रही। सुबह होने पर हाथी द्वारा किए गए नुकसानी का आंकलन करने के बाद वापस लौटी। ज्ञात रहे क्षेत्र में लोनर का काफी आतंक है, लोग इसके डर से अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। शाम होते ही ग्रामीण अपने-अपने घरों का दरवाजा बंद कर कैद हो जा रहे हैं तथा खेतों में भी नहीं पहुंच रहे हैं। लोनर हाथी जब से क्षेत्र में दस्तक दिया है। उसका उत्पात लगातार जारी है।

पिछले तीन दिनों के भीतर लोनर ने अपना उग्र रूप दिखाते हुए अब तक बंजार गांव के 7 ग्रामीणों का घर ढहा चुका है। इधर कोरबा वनमंडल से करतला रेंज में पहुंचे दंतैल हाथी ने अभी कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। हाथी पिपछले दो दिनों से रेंज के घोटमार जंगल विचरण कर रहा है, जिसकी निगरानी संबंधित अमले द्वारा की जा रही है।

Spread the word