मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने पहुंचे 10वीं के छात्र से डॉक्टर पर अश्लील हरकत का आरोप, POCSO एक्ट में गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक 10वीं कक्षा के छात्र के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि बोरसी स्थित सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर में मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टर ने छात्र के साथ अनुचित व्यवहार किया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर सुधीर हिसीकर (61) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने गया था छात्र

पुलिस के अनुसार, घटना 24 जुलाई की दोपहर की है। 10वीं कक्षा का छात्र अपने एक दोस्त का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए बोरसी स्थित एडॉप्शन सेंटर गया था। आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने उसके साथ अश्लील हरकत की।

छात्र वहां से निकलकर घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर पद्मनाभपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

POCSO एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर के खिलाफ POCSO एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आयुर्वेद चिकित्सक है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुधीर हिसीकर मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी है और उसने बीएएमएस (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) की डिग्री प्राप्त की है। उसकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और ग्राम अंडा में संविदा पर पदस्थ हैं। दोनों पति-पत्नी बोरसी स्थित सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर का संचालन करते हैं।

Spread the word