बारिस में कटघोरा बस स्टैंड में फैली गंदगी, यात्री हो रहे परेशान

कोरबा 26 जुलाई। जिले के कटघोरा बस स्टैंड में बारिश के मौसम ने अव्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। बस स्टैंड परिसर में फैली गंदगी के बीच अब जल निकासी व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियों का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से पानी परिसर में ही जमा हो रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण हालात और भी खराब हो गए हैं।

बस स्टैंड में जगह-जगह जलभराव होने से बस ऑपरेटरों, एजेंटों, दुकानदारों और रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी के जमा होने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे पूरे परिसर का वातावरण अस्वच्छ हो गया है। वहीं मच्छरों का प्रकोप बढने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा समय-समय पर स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन बस स्टैंड जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक जगह की नियमित साफ-सफाई और नालियों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त नालियों की तत्काल मरम्मत कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा बस स्टैंड परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों को इस परेशानी से राहत मिल सके।

Spread the word