केंद्र सरकार और सीजेपी के बीच बनी सहमति, सभी मांगें मानने के बाद सीजेपी ने वापस लिया आंदोलन

नई दिल्ली. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बीच हुई बैठक के बाद संगठन ने अपना आंदोलन तत्काल प्रभाव से खत्म करने का ऐलान कर दिया है. नई दिल्ली में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीजेपी के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार ने उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है, इसलिए संगठन ने सद्भावना के आधार पर आंदोलन वापस लेने का फैसला किया है.

सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में कहा कि सरकार ने उनकी मांगों पर भरोसा दिलाया है. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर मौजूद सभी प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक अपने घर लौटने की अपील की है.

सरकार ने ये आश्वासन दिए

सीजेपी के नेताओं के मुताबिक, संगठन की सबसे बड़ी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के रूप में पूरी हो चुकी है. इसके अलावा सरकार ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज पुलिस मामलों को वापस लेने, भविष्य में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने और नीट पेपर लीक से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को नियमों के तहत अधिकतम मुआवजा देने का आश्वासन दिया है. सौरव दास ने कहा, सरकार ने हमारी तीनों मांगें स्वीकार कर ली हैं. हम सभी प्रदर्शनकारियों से अपील करते हैं कि वे अपने-अपने घर लौट जाएं.

Spread the word