दर्दनाक सड़क हादसा: खेत जा रहा ट्रैक्टर पलटा, 2 मजदूरों की मौत, 5 गंभीर घायल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर सकर्रा सरपंच के नाम पर खरीदा गया था, जिसे मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल चला रहा था। ट्रैक्टर में कुल 19 मजदूर सवार थे, जिन्हें सकर्रा स्थित खेत में धान की रोपाई के लिए ले जाया जा रहा था।

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर तेज रफ्तार और कथित लापरवाही के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में मजदूरों के परिवहन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग किया जाता है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है।

Spread the word