मानिकपुर ओपनकास्ट परियोजनाः खदान से 7 लाख टन ज्यादा कोयला निकालेगा एसईसीएल

कोरबा 20 जुलाई। एसईसीएल के मानिकपुर ओपनकास्ट एक्सपेंशन प्रोजेक्ट के क्षमता विस्तार को लेकर पर्यावरण स्वीकृति प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने परियोजना की लोक सुनवाई की अधिसूचना जारी कर दी है।

जारी नोटिस के अनुसार, मानिकपुर ओपनकास्ट परियोजना की उत्पादन क्षमता 5.25 मिलियन टन प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 7.0 एमटीपीए करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही परियोजना क्षेत्रफल को 1018.925 हेक्टेयर से बढ़ाकर 1031.507 हेक्टेयर किया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार, परियोजना से संबंधित लोक सुनवाई 21 अगस्त सुबह 11 बजे कल्याण मंडप, मानिकपुर साप्ताहिक बाजार के पास, कोरबा में आयोजित की जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बताया है कि प्रभावित क्षेत्र के नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य हितधारक परियोजना से संबंधित आपत्तियां, सुझाव एवं टिप्पणियां जनसुनवाई में प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके अलावा अधिसूचना जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर भी क्षेत्रीय कार्यालय, कोरबा में लिखित आपत्तियां जमा की जा सकती हैं। परियोजना का विस्तार मिलाईभांठा, दादर, मानिकपुर, इस्मलीडुग्गू, जरहद और कुकरीचोली सहित आसपास के क्षेत्रों से संबंधित है। पर्यावरण स्वीकृति के लिए जनसुनवाई अनिवार्य प्रक्रिया का हिस्सा है।

Spread the word