गोवंश वध से तनावः बजरंग दल और ग्रामीणों का प्रदर्शन, एक संदिग्ध हिरासत में

कोरबा 19 जुलाई। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत वनांचल ग्राम पंचायत अजगरबहार के नर्मदा गांव में गोवंश वध की सूचना के बाद रविवार सुबह से तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात नर्मदा गांव में गोवंश काटे जाने की घटना सामने आई। रविवार सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि घटनास्थल पर गोवंश का सिर, खाल और मांस के टुकड़े पड़े हुए मिले। घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए मामले में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलते ही बालको थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद नर्मदा गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
