महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने गिनाई 16 महीने की उपलब्धियां

₹165 करोड़ की सीवरेज परियोजना और 40 ई-बसों से बदलेगी कोरबा की तस्वीर

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में नई सरकार के 16 माह के कार्यकाल में शहर के विकास कार्यों को गति मिली है। महापौर संजू देवी राजपूत ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस अवधि में कुल 434 विकास कार्यों की योजना बनाई गई है। इनमें 76 कार्य पूरे हो चुके हैं, 149 कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 209 नए कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।

महापौर ने बताया कि हसदेव नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ₹165 करोड़ की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा रहा है, जिसे अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना से उपचारित पानी एनटीपीसी को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नगर निगम को आय का स्थायी स्रोत भी मिलेगा। वहीं ₹32 करोड़ की लागत से नए जल शोधन संयंत्र का निर्माण भी जारी है।

शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए पीएम ई-बस सेवा के तहत 40 आधुनिक ई-बसें शुरू की गई हैं और प्रमुख स्थानों पर फास्ट ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा ने राष्ट्रीय स्तर पर 8वां स्थान हासिल किया है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए 80 ई-रिक्शा संचालित किए जा रहे हैं तथा बायोगैस परियोजना के लिए एमओयू भी किया गया है।

महापौर ने बताया कि कोरबा में पहली बार राइफल शूटिंग अकादमी की शुरुआत की गई है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत लक्ष्य से अधिक 4027 आवास स्वीकृत कराकर निगम ने प्रदेश में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने कहा कि कोसाबाड़ी से घंटाघर, सीएसईबी चौक होते हुए सुनालिया पावर हाउस तक करीब ₹22 करोड़ की लागत से सड़कों का डामरीकरण जल्द शुरू होगा। साथ ही नगर निगम स्ट्रीट लाइट, पेयजल और स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

Spread the word