शराब पीकर बस चलाने वाले चालकों पर हुई कार्रवाई, लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू

कोरबा 13 जुलाई। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के दौरान दो बस चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
थाना पसान क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक यात्री बस चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिला। जांच में बस की डिक्की में नियमों के विरुद्ध बकरियों का परिवहन भी पाया गया। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं थाना दर्री क्षेत्र में एक बस चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए दो गुमटियों और एक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई और लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि जिले में शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
