चोटिया से बनिया जाने वाली सड़क मार्ग खराबः राशन कैसे मिले, ग्रामीण परेशान

कोरबा 13 जुलाई। जिले के पौड़ी उपरोड़ा विकासखंड के बनिया पंचायत के लोग अगले महीने के सरकारी राशन को लेकर चिंतित है कि वह मिलेगा भी या नहीं। वजह यह है कि चोटिया से इस तरफ आने वाली सडक का कबाड़ा हो गया है और ऐसे में पीडीएस वाहन का पहुंचना मुश्किल हो गया है। मीडिया की टीम ने इस इलाके का भ्रमण करने के साथ मौजूदा समस्याओं को जाना। लोगों से बातचीत की गई तो मालूम चला कि कुछ वर्ष पहले बनाई गई सडक पहले से ही खराब थी और बची हुई कसर इस बारिश ने पूरी कर दी।

भारी बारिश के कारण सडक को काफी नुकसान हुआ है और जो स्थिति नजर आ रही है उसे देखकर लगता है कि केवल अवशेष ही रह गए हैं। इसमें भी कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और कहीं पर अगल-बगल से मिट्टी का कटाव हो गया है। इन सब परिस्थितियों के चलते बड़े और भारी वाहनों का संचालन काफी मुश्किल भरा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कृषक वर्ग भी अपने खेतों तक रासायनिक खाद और अन्य सामग्री पहुंचाने के लिए दूसरे विकल्प को अपनाने के लिए मजबूर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन की व्यवस्था के अंतर्गत जून महीने में ही जून और जुलाई का राशन उन्हें उपलब्ध करा दिया गया। अब उनकी चिंता इस बात को लेकर है कि आगे क्या?

बताया गया कि इलाके की ग्रामीण आबादी की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है और उनके सामने सरकारी कोटे के संसाधन की एक अहम सुविधा बने हुए हैं। सडक की दुर्गति होने से पीडीएस खाद्यान्न वाहन के नहीं पहुंचने की स्थिति में लोग समस्या के भवर में आ जाएंगे। लोगों ने संभावित चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन से मांग है कि चोटिया से बनिया को जाने वाली सडक को ठीक करने की व्यवस्था की जाए।

Spread the word