वन अधिकारी पर बस चालक से अभद्रता का आरोप, बीच सड़क रोकी यात्री बस

गरियाबंद। जिले के इंदागांव थाना क्षेत्र में एक वन अधिकारी पर यात्री बस चालक के साथ कथित अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि रायपुर से देवभोग जा रही शारदा ट्रेवल्स की बस को अभ्यारण्य क्षेत्र के कालिमाटी के पास बीच सड़क पर रोक दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

जानकारी के अनुसार, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव परिक्षेत्र के रेंजर सुशील सागर ने बस चालक पर अपनी कार को साइड नहीं देने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर अपनी कार बस के सामने खड़ी कर दी, जिससे करीब आधे घंटे तक बस सड़क पर रुकी रही और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बस चालक यशवंत बंजारे का कहना है कि सड़क खराब और सिंगल लेन होने के कारण वह सुरक्षित स्थान मिलने का इंतजार कर रहा था, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता न हो। चालक ने आरोप लगाया कि इसी बात पर वन अधिकारी ने गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर चालक ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया और इंदागांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

इंदागांव थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word