छत्तीसगढ़ कैबिनेट चिंतन शिविर 3.0 IIM रायपुर में शुरू: CM विष्णु देव साय ने दो दिन के गवर्नेंस स्ट्रैटेजी कैंप का नेतृत्व किया

रायपुर, 4 जुलाई 2026. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल का दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ शनिवार को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रायपुर में शुरू हुआ. सुशासन एवं अभिसरण विभाग तथा आईआईएम रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य राज्य की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, नवाचार आधारित और परिणामोन्मुख बनाते हुए ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के विजन को गति देना है.

शिविर में मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री शामिल हुए. दो दिनों तक कृषि, ग्रामीण विकास, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, उभरती तकनीक, नवाचार, सुशासन, संस्थागत सुधार, नेतृत्व विकास और प्रभावी जनसेवा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के साथ गहन चर्चा होगी. इन सत्रों के आधार पर विभागीय समन्वय को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए नई रणनीतियां तैयार की जाएंगी.

पहले दिन की शुरुआत आध्यात्मिक गुरु एवं मोटिवेशनल स्पीकर गौर गोपाल दास के नेतृत्व और जीवन मूल्यों पर विशेष व्याख्यान से हुई. शिविर के दौरान राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ नीति निर्माण, नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक नवाचार और बेहतर गवर्नेंस के विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव साझा करेंगे. राज्य सरकार का मानना है कि यह चिंतन शिविर नीति निर्माण में नई सोच, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

Spread the word