प्यार का खौफनाक अंजाम: प्रेमी ने पत्नी संग रची साजिश, 4 लाख की सुपारी देकर कराई प्रेमिका की हत्या, 9 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में प्रेम संबंध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग ने खूनी साजिश का रूप ले लिया। जोंगरा गांव में हुई महिला की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए सक्ती पुलिस ने खुलासा किया है कि मृतका की हत्या उसके प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर करवाई थी। दोनों ने 4 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटर हायर किए, जिन्होंने घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन राज्यों से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

26 जून को घर में घुसकर मारी थी गोली

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को जोंगरा गांव निवासी पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की दो नकाबपोश बदमाशों ने उसके घर में घुसकर पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि पूर्णिमा का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान के साथ प्रेम संबंध था। दोनों आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार-प्रसार का कार्य करते थे। इस संबंध को लेकर मुरलीशंकर की पत्नी चम्पा चौहान लंबे समय से नाराज थी। पुलिस के मुताबिक, समझाइश के बावजूद पूर्णिमा मुरलीशंकर पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर पति-पत्नी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

4 लाख में हायर किए सुपारी किलर

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुरलीशंकर और चम्पा चौहान ने राजेंद्र महंत से संपर्क कर 4 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की। वारदात के बाद सौदे की रकम में से 2 लाख रुपये आरोपियों को दे भी दिए गए थे। इसके बाद झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े आरोपियों ने मिलकर हत्या की पूरी योजना बनाई।

घर में घुसकर हत्या, तीन राज्यों से गिरफ्तारी

योजना के तहत दो शूटर घर में घुसे और पूर्णिमा को गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। मुख्य आरोपी राजेंद्र महंत को झारखंड के जमशेदपुर से, जबकि दो अन्य आरोपियों को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया गया। बाद में छत्तीसगढ़ में कार्रवाई कर अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया।

Spread the word