हादसा टलाः खड़ी स्कूटी को 14 चक्का ट्रक ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचा स्कूटी सवार

कोरबा 01 जुलाई। कुसमुंडा इमली छपार चौक पर बुधवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक जनरल स्टोर के सामने खड़ी स्कूटी को तेज रफ्तार 14 चक्का ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि स्कूटी सवार दुकान के अंदर सामान ले रहा था, वरना जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।

सूत्रों के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे एक व्यक्ति अपनी स्कूटी दुकान के सामने खड़ी कर जनरल स्टोर में सामान लेने गया था। इसी दौरान इमली छपार चौक से गुजर रहा 14 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आ गया और खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आवाज सुनकर दुकानदार और स्कूटी मालिक बाहर निकले। हादसा देखकर उनके होश उड़ गए। अगर स्कूटी सवार कुछ सेकंड पहले बाहर होता तो उसकी जान भी जा सकती थी।

Spread the word