नवाडीह के जंगल में युवती का शव मिला: 20 दिन से लापता थी, शव के पास जहर की शीशी भी मिली, पुलिस जांच शुरू

कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। शव मिलने की सूचना के बाद बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस को शव मिलने की जानकारी सरपंच पति राय सिंह कंवर ने दी थी। घटनास्थल घने जंगल के भीतर और दुर्गम रास्ते पर होने के कारण पुलिस टीम को वहां तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
20 दिन पहले दर्ज हुई गुमशुदगी रिपोर्ट
मृतका की पहचान 20 वर्षीय सपना धनुवार, पिता हरिराम धनुवार के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि सपना की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना क्षेत्र में लगभग 20 दिन पहले दर्ज कराई गई थी। पुलिस और परिजन तब से उसकी तलाश कर रहे थे।
घटनास्थल से पुलिस को मृतका के पास से जहर की एक शीशी भी मिली है। इससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

आत्महत्या है या हत्या, पुलिस कर रही जांच
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें यह आत्महत्या है या हत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा। जंगल के आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान जारी है।
ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तह तक जाया जाएगा।
