जर्मनी में अंधाधुंध फायरिंग से दहशत: 5 लोगों की मौत, एक संदिग्ध गिरफ्तार

@ श्टाडे शहर में गोलीबारी के बाद बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन, हमले की वजह की जांच जारी
बर्लिन/श्टाडे। उत्तरी जर्मनी के श्टाडे शहर में सोमवार को हुई अंधाधुंध गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान जारी है।
जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, पुलिस ने शहर के केंद्र से बाहर स्थित इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। ल्यूनेबर्ग पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से घटनास्थल के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, गोलीबारी श्टाडे शहर के एक युवा केंद्र में हुई। हादसे के समय वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय मीडिया का दावा है कि हमले में एक से अधिक हमलावर शामिल हो सकते हैं, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह और हमले की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। बचाव और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर तैनात हैं, जबकि पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है।
