हमाल की निर्मम हत्याः ओवरब्रिज के नीचे सो रहे युवक के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार, आरोपी फरार

कोरबा 29 जून। शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। चबूतरे पर सो रहे एक हमाल की सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह मृतक और उसके साथ रहने वाले एक अन्य हमाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। दोनों ही नशे के आदी बताए जा रहे हैं और खानाबदोश जीवन व्यतीत करते थे। उस समय आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

बताया जा रहा है कि दोपहर में राजेश महाराज चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और डंडे से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और सुबह हुए विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Spread the word