कुएं में गिरे बैल को सुरक्षित निकाला लोगों ने

कोरबा 27 जून। नगर निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 16 अंतर्गत हाऊसिंग क्षेत्र में उस समय हडकंप मच गया जब एक मवेशी अचानक एक कुएं में गिर गया। राहत की बात यह रही कि कुएं में अधिक पानी नहीं था, जिससे बैल के काफी समय तक भीतर फंसा रहने के बावजूद उसकी जान बची रही।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड पंप हाउस कॉलोनी के कर्मचारी एवं नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद रामकुमार साहू भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का निरीक्षण किया। पार्षद रामकुमार साहू ने बताया कि वार्डवासियों के सहयोग और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
काफी मशक्कत के बाद बैल को सुरक्षित रूप से कुएं से बाहर निकाल लिया गया। इस बचाव कार्य में चितरंजन साहू, सुधा साहू, अमरनाथ साहू, समारू केवट, संजय कामले, देव किरण सहित अन्य स्थानीय लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी के संयुक्त प्रयास से मवेशी को सुरक्षित बाहर निकालकर उसे प्राथमिक राहत प्रदान की गई। स्थानीय लोगों ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि समय रहते प्रयास न किए जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
