शारदा विहार में एटीएम को तोडकर चोरी का प्रयास, चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

कोरबा 26 जून। पुलिस गश्त की लापरवाही का फायदा चोर उठा रहे हैं। बीती रात मानिकपुर चौकी क्षेत्र में स्थित शारदा विहार पेट्रोल पंप के पास लगे इंडिकैश एटीएम को निशाना बनाकर दो नकाबपोश बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। आरोपियों ने एटीएम मशीन का फ्रंट पैनल तोडकर कैश बॉक्स तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा अलार्म सक्रिय होते ही उन्हें मौके से भागना पड़ा। घटना में नकदी सुरक्षित रही।
जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी अपने साथ औजार लेकर पहुंचे थे और एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखी नकदी निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई और तेज अलार्म बजने लगा। अलार्म की आवाज सुनते ही दोनों बदमाश घबरा गए और बिना नकदी लिए फरार हो गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब सामने आई, जब आसपास की दुकानें खुलीं। दुकानदारों ने एटीएम का टूटा हुआ पैनल देखकर इसकी सूचना तत्काल एटीएम प्रबंधन और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपी नकाब पहने हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में औजार भी साफ नजर आ रहे हैं, जिनकी मदद से उन्होंने मशीन को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
पुलिस ने घटना स्थल से एटीएम के टूटे हुए हिस्से और कुछ औजार जब्त किए हैं। साथ ही आसपास के इलाके का निरीक्षण कर अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं। वहीं मानिकपुर चौकी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पेट्रोल पंप, आसपास के दुकानों और मुख्य सडक पर लगे अन्य कैमरों की रिकार्डिंग भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
