शराबी वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, छह माह में 1014 चालान, 1.10 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला


कोरबा 26 जून। जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया है। जनवरी 2026 से अब तक ड्रिंक एंड ड्राइव के 1014 मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1 करोड़ 10 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में यातायात नियमों के पालन को लेकर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर फोकस किया गया है। यातायात पुलिस एल्कोहोमीटर की मदद से चालकों की जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जा रही है। यातायात एएसआई मनोज कुमार राठौर ने बताया कि जनवरी से जून 2026 तक छह माह में 1014 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें कुल 1 करोड़ 10 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर, ट्रैफिक डीएसपी डी.के. सिंह तथा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में लगातार संचालित किया जा रहा है। शहर के साथ-साथ आउटर क्षेत्रों में भी नियमित जांच अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

स्कूल-कॉलेजों में भी चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
यातायात पुलिस केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। जिले के स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा दुर्घटना की स्थिति में बचाव संबंधी आवश्यक जानकारियां दी जा रही हैं।

बिना हेलमेट, तीन सवारी और ब्लैक फिल्म पर भी कार्रवाई
यातायात पुलिस बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, वाहनों में ब्लैक फिल्म लगाने तथा मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर जुर्माना लगाने के साथ नियमों का पालन सुनिश्चित करा रही है।

Spread the word