मोदी की गारंटी के वादे पूरे करने की मांग को लेकर मितानिनों का प्रदर्शन, घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक निकाली विशाल रैली

कोरबा, 25 जून। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए गए वादों को पूरा कराने की मांग को लेकर गुरुवार को प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ के आह्वान पर जिलेभर की हजारों मितानिनें सड़कों पर उतरीं। घंटाघर चौक पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना देने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट तक विशाल रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

सुबह करीब 11 बजे घंटाघर चौक पर बड़ी संख्या में मितानिनें एकत्रित हुईं और अपनी मांगों के समर्थन में धरना दिया। इसके बाद अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से रैली निकालते हुए वे कलेक्ट्रेट पहुंचीं। रैली में शामिल महिलाओं की लंबी कतारों से शहर के प्रमुख मार्ग गुलजार रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर मितानिन प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्ष 2023 के चुनावी घोषणा-पत्र में किए गए वादों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। मितानिनों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संविलियन, मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि, ठेका प्रथा समाप्त करने तथा 24 वर्षों की सेवा के आधार पर वन-टाइम रिलैक्सेशन प्रदान करने की प्रमुख मांगें उठाईं।
मितानिनों का कहना था कि वे वर्षों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने सरकार से चुनावी वादों के अनुरूप शीघ्र निर्णय लेकर मितानिनों को न्याय देने की मांग की।
कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन मुख्यमंत्री तक भेजा जाएगा, ताकि मांगों पर शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में मितानिनों ने भाग लिया।
