गांजा डीलर का पता नहीं बताया तो नाबालिग पर चाकू से हमला, एक आरोपी की ग्रामीणों ने की पिटाई

धमतरी, 23 जून। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां गांजा सप्लायर का पता नहीं बताने पर नशेड़ी युवकों ने एक नाबालिग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना भेंडरवानी गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो युवक नाबालिग से गांजा सप्लायर का पता पूछ रहे थे। इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।

हमले के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Spread the word