बिलासपुर सेंट्रल जेल में सनसनी: ई-1 बैरक में बंदी की हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल के भीतर हुई एक हत्या की वारदात ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ई-1 बैरक में एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई, जिससे पूरे जेल परिसर में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान कोटा थाना क्षेत्र के दबनपुर निवासी नीलू जगत के रूप में हुई है। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नीलू जगत की हत्या नाली के स्लैब से सिर कुचलकर की गई है। घटना जिस ई-1 बैरक में हुई, वह मानसिक रूप से बीमार बंदियों के लिए आरक्षित बताया जा रहा है।

इस मामले में हत्या का आरोप राजेश राय पर लगाया जा रहा है, जो मुंगेली जिले के चमारी गांव का निवासी है। राजेश राय तिहरे हत्याकांड के मामले में पिछले लगभग 17 वर्षों से जेल में बंद है और उसे भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैरक को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर जेल के भीतर इतनी बड़ी वारदात कैसे हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।

यह घटना जेल प्रबंधन और बंदियों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े करती है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Spread the word