तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक्टिवा सवार युवक की मौत, चालक फरार

कोरबा 22 जून। जिले में सड़क हादसों का सिलसिल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज दमऊधारा मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलकेजा के पास आमापाली गांव के नजदीक हुआ।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक उछलकर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक युवक कोरबा की ओर से आ रहा था, तभी सामने से तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद डायल 112 और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हालांकि, उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने संभावना जताई है कि वह पटेलपाली, रायगढ़ का निवासी गजानन चौहान हो सकता है। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त करने में जुटी है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Spread the word