नाबालिग चालक ने डॉक्टर की कार को मारी टक्कर, एमबीबीएस सर्जन घायल

कोरबा 22 जून। जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया मेन सड़क, उमेंदीभांठा के पास देर रात एक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार चला रहे नाबालिग चालक ने सामने से आ रही डॉक्टर की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ एमबीबीएस सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। डॉ. शक्ति डिक्सेना हरदीबाजार स्थित अपने घर से खाना खाकर जमनीपाली दर्री स्थित निवास लौट रहे थे। इसी दौरान रलिया के आगे देव माइनिंग कंपनी के पास भिलाई बाजार की ओर से आ रही एक काले रंग की किया कार ने लापरवाहीपूर्वक तेज रफ्तार में उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का एयरबैग खुल गया, लेकिन स्टीयरिंग से टकराने के कारण डॉक्टर के सीने की दो पसलियां और अंगूठा फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा उन्हें पेट, गले और दोनों कलाई में गंभीर चोटें आई हैं।

डॉ. डिक्सेना के अनुसार, हादसे के बाद जब वह कार से बाहर निकले तो आरोपी चालक ने गाड़ी पीछे लेकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। किसी तरह जान बचाने के लिए वे सड़क छोड़कर खेत की ओर भागे। बाद में उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी और हरदीबाजार थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि वाहन मालिक एक कोयला ट्रांसपोर्टर है और उसका नाबालिग पुत्र कार चला रहा था। कार में दो अन्य नाबालिग भी सवार थे।

थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में चालक के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार (क्रमांक सीजी-12 बीई-1430) को जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वाहन मालिक से भी पूछताछ कर रही है कि नाबालिग को वाहन कैसे दिया गया। साथ ही नाबालिग चालक के खिलाफ विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कोयला ट्रांसपोर्टरों के बच्चे अक्सर बिना लाइसेंस वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस समस्या पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Spread the word