जिले के चार केन्द्रों में हुई नीट की परीक्षा आयोजित

री-एग्जाम की वजह से सतर्कता पर दिया गया विशेष ध्यान
कोरबा 21 जून। राष्ट्रीय दक्षता प्रवेश परीक्षा (नीट) आज कोरबा जिले के चार केन्द्रों में आयोजित हुई। री-एग्जाम और इसके पीछे के कारणों के चक्कर में सुरक्षा और सतर्कता पर विशेष ध्यान दिया गया। 1700 से ज्यादा परीक्षार्थी इन केन्द्रों में शामिल है। प्रशासन ने अपने स्तर पर परीक्षा को संपन्न कराने की जिम्मेदारी ली।
पिछले महीने नीट परीक्षा का आयोजन अखिल भारतीय स्तर पर हुआ था। परीक्षा के बाद पेपर लीक होने के मामले ने इसे निरस्त करा दिया। महाराष्ट्र के पूणे के सिंडीकेट का खुलासा होने के साथ कार्यवाही की गई। इस पूरी प्रक्रिया में देश भर के लाखों छात्रों को झटका लगा, जिन्हें परीक्षा के लिए फिर से तैयारी करनी पड़ी। अतिरिक्त मेहनत के साथ संसाधन लगाने पड़े। इधर कोरबा जिले में पीजी कॉलेज, एकलव्य विद्यालय छूरीकला, जमनीपाली और बालको के दो विद्यालयों को परीक्षा केन्द्र बनाया गया। आज सुबह परीक्षार्थियों की उपस्थिति 11 बजे अपने केन्द्रों में दर्ज हुई। दो पाली में संपन्न होने वाली परीक्षा शाम 5 बजे तक चलेगी।
इस परीक्षा के महत्व और इससे जुड़ी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही आवश्यक तैयारी की थी। कलेक्टर और एसपी ने दो से तीन बार निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में की गई व्यवस्थाओं को देखा और इसकी समीक्षा की गई। बताया गया कि शिक्षण संस्थाओं के प्रमुखों को नीट परीक्षा की जिम्मेदारी दी गई। सभी केन्द्रों में पंजीकृत परीक्षार्थियों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित हो इसका ध्यान रखा गया। सरकार द्वारा जारी गाईड लाईन की आवश्यक जांच पड़ताल की गई।
लेखन सामाग्री के लिए अन्य सभी चीजें पहले से प्रतिबंधित की गई और इसका शत प्रतिशत पालन कराया गया। परीक्षा केन्द्रों तक जाने वाले मुख्य मार्गों पर परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानियों का सामना ना करना पड़े, इसके लिए आसपास में पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई। याद रहे नीट परीक्षा पेपर लीक के मामले को लेकर पिछले कुछ दिनों से हंगामे की स्थिति बनी हुई और इन सबके बीच आज री-एग्जाम कराया जा रहा है।
