ठेका कंपनी के अधिकारी पर धमकी का आरोप, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कोरबा। जिले की सिंघाली भूमिगत खदान में कार्यरत ठेका कंपनी पीएनसी के एक अधिकारी पर ग्रामीणों को धमकाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से वे आक्रोशित हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, कंपनी के अधिकारी केके सिंह ने उन्हें जान से मारने और जमीन में गाड़ देने जैसी धमकियां दीं। घटना के बाद शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
नाराज ग्रामीणों ने सुबह करीब 9 बजे बांकी मोंगरा-डेलवाडीह मार्ग के अरदा चौक पर चक्काजाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कंपनी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
