अमरैय्या बायपास पर भारी वाहनों का दबाव, जाम ने बढ़ाई परेशानी

कोरबा 17 जून। शहर में कोयला परिवहन एवं भारी वाहनों के आवागमन के लिए प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाने के बावजूद अमरिया बायपास से ट्रक, ट्रेलर और अन्य भारी वाहन लगातार गुजर रहे हैं। इससे बायपास मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है और स्थानीय नागरिकों को आवागमन के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।सडक पर लग रही वाहनों की लंबी कतारें, आम लोगों को हो रही परेशानी।

अमरैय्या बायपास के दोनों ओर घनी आबादी निवास करती है। प्रतिदिन हजारों लोग इस मार्ग का उपयोग स्कूल, कॉलेज, कार्यालय, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए करते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सडक पर अक्सर लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयला और अन्य मालवाहक वाहनों के कारण क्षेत्र में धूल एवं प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। लगातार उडने वाली धूल से श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है, वहीं सडक किनारे रहने वाले लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। लगभग दो महीने पूर्व ट्रक-ट्रेलर एवं भारी वाहन संचालक संगठन ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया था कि भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग कई स्थानों पर खराब स्थिति में हैं। संगठन ने प्रशासन से इन मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की थी ताकि वाहन सुरक्षित रूप से संचालित किए जा सकें।

संगठन का कहना था कि वैकल्पिक मार्गों की जर्जर स्थिति के कारण मजबूरी में उन्हें अमरिया बायपास का उपयोग करना पड़ रहा है। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि मार्गों की मरम्मत नहीं कराई गई और किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो उसके लिए वाहन चालक या वाहन मालिक जिम्मेदार नहीं होंगे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए तथा अमरिया बायपास पर भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए। उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो यातायात, प्रदूषण और सडक सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं और गंभीर रूप ले सकती हैं।

Spread the word