पटवारी पर जमीन ऑनलाइन करने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप

पीडित ने जनदर्शन में शिकायत कर कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की

कोरबा 17 जून। पोड़ी उपरोड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम रावा में एक ग्रामीण ने पटवारी पर जमीन ऑनलाइन करने के नाम पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। पीडित ने जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके पिता के नाम की जमीन का कब्जा वर्षों पहले मिला था, लेकिन अब तक ऑनलाइन दर्ज नहीं किया गया है। आरोप है कि पटवारी ने जमीन ऑनलाइन करने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की, जिसमें से 5 हजार रुपये दिए जाने के बाद भी काम नहीं हुआ।

ग्राम रावा निवासी बुधवार साय यादव ने जनदर्शन में दिए आवेदन में बताया है कि उसके पिता घुरऊ साय यादव को वर्ष 2007 में तहसील कार्यालय से कब्जा जमीन की रसीद प्राप्त हुई थी। इसके बावजूद आज तक जमीन का रिकॉर्ड ऑनलाइन नहीं किया गया है। पीडित का आरोप है कि जमीन ऑनलाइन कराने के लिए संबंधित पटवारी ने 10 हजार रुपये की मांग की थी।

ग्रामीण के अनुसार उसने 5 हजार रुपये की व्यवस्था कर पटवारी को दिए, लेकिन इसके बाद भी जमीन ऑनलाइन नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने शेष राशि देने में असमर्थता जताई तो उसे काम नहीं होने की बात कही गई। आर्थिक रूप से कमजोर होने का हवाला देते हुए उसने कलेक्टर से जमीन को ऑनलाइन दर्ज कराने तथा संबंधित पटवारी के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Spread the word