भाजपा नेता पर जानलेवा हमलाः जिला पंचायत सदस्य सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा 16 जून। जिले में सोमवार दोपहर भाजपा नेता और पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर हुए जानलेवा हमले से सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल तोमर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जेल के पास हुआ विवाद, बढ़ा तनाव
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। शिव बालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मिलने जिला जेल गए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली से हुई। रज्जाक ने तोमर को उनके भतीजे से दूर रहने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

रॉड, डंडा और बेसबॉल स्टिक से हमला
विवाद बढ़ने पर रज्जाक अली और उसके साथियों ने तोमर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने रॉड, डंडा और बेसबॉल स्टिक से उनके पैरों, खासकर घुटने के नीचे गंभीर वार किए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी तलवार लेकर भी मौके पर पहुंचा था।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल तोमर को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हथियारों की बरामदगी के लिए लगातार तलाश कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

भाजपा नेताओं में नाराजगी, अस्पताल पहुंचे मंत्री
इस घटना को लेकर भाजपा नेताओं में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई नेता अस्पताल पहुंचकर तोमर का हालचाल लिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

आरोपी का बयान, जांच में नया एंगल
गिरफ्तार आरोपी रज्जाक अली ने इस मामले को महिला संबंधी विवाद से जोड़ते हुए अपना पक्ष रखा है। पुलिस इस एंगल की भी गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Spread the word