मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से आमजन को मिल रही त्वरित राहत

सीएम हेल्पलाइन की पहल से गौरीबाई को मिला अंत्योदय राशन कार्ड, शासकीय योजनाओं का रास्ता हुआ आसान

स्वच्छता एवं जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का हुआ समयबद्ध समाधान

कोरबा, 12 जून 2026/आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण हेतु मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शुरुआत सुशासन, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण कर आमजन को राहत पहुंचाई जा रही है। शासन की संवेदनशील पहल के तहत नागरिकों की समस्याओं पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों द्वारा मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इसी कड़ी में  विकासखण्ड पाली के ग्राम पोलमी निवासी गौरीबाई के पास राशन कार्ड नहीं होने के कारण विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के निराकरण हेतु उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए उनके प्रकरण का परीक्षण किया गया। पात्रता संबंधी आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर जनपद पंचायत पाली द्वारा गौरीबाई को अंत्योदय राशन कार्ड जारी किया गया। अंत्योदय राशन कार्ड प्राप्त होने से अब गौरीबाई को खाद्यान्न सहित विभिन्न पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। इससे उनकी लंबे समय से चली आ रही  समस्या का प्रभावी समाधान हुआ है। गौरीबाई ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद उनकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन की संवेदनशील एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण संभव हो रहा है।

कटघोरा नगरीय क्षेत्र के सिद्धि विहार स्थित शांति विला गोदावरी निवास के पास आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर शिकायतकर्ता श्रीमती वंदना यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि क्षेत्र में कुछ आवारा कुत्ते घूम रहे हैं, जिनमें कुछ आक्रामक व्यवहार कर रहे हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय का वातावरण बना हुआ है। साथ ही क्षेत्र में बंध्याकरण एवं टीकाकरण अभियान नहीं होने की जानकारी भी दी गई थी।

शिकायत प्राप्त होने के कुछ घण्टे के भीतर ही नगर पालिका कटघोरा द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र में आवश्यक बंध्याकरण एवं टीकाकरण की कार्यवाही कराई गई तथा आवारा कुत्तों के संबंध में आवश्यक प्रबंधन किया गया। समस्या के निराकरण के उपरांत शिकायतकर्ता से संपर्क कर उनकी संतुष्टि प्राप्त की गई । शिकायतकर्ता श्रीमती यादव ने समस्या के त्वरित समाधान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समयबद्ध निराकरण किया जाना शासन की जनहितैषी कार्यप्रणाली का परिचायक है।

कोरबा नगरीय क्षेत्र के मोतीसागरपारा निवासी श्री शांतनु मिश्रा द्वारा मोहल्ले के नाली में गाद मिट्टी जमा होने के कारण जलभराव की समस्या होने की जानकारी देते हुए नाली सफाई की शिकायत दर्ज कराई गई थी।  शिकायत प्राप्ति के कुछ ही समय बाद नगर निगम की स्वच्छता टीम द्वारा मौके पर जाकर नाली की सफाई एवं पानी निकासी को व्यवस्था कर आवेदन का निराकरण किया गया है।  वार्ड क्रमांक 58 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में एमआईजी-750 एवं एमआईजी-751 के पीछे स्थित खाली भूखंड में लंबे समय से जमा कचरे एवं गंदगी की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त हुई थी। शिकायत पर  निगम की स्वच्छता टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी एवं ट्रैक्टर की सहायता से जमा कचरे को हटाया तथा पूरे क्षेत्र की सफाई कराई। कार्रवाई के बाद संबंधित स्थल को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाया गया, जिससे आसपास के रहवासियों को बड़ी राहत मिली। आस पास के निवासियों ने सफाई कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से बनी समस्या का समाधान होने से वातावरण स्वच्छ  हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की यह प्रक्रिया शासन की जनहितैषी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली को दर्शाती है। नागरिकों की शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कर उन्हें समयबद्ध राहत प्रदान की जा रही है, जिससे शासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप जिला प्रशासन द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों पर तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करते हुए आमजनों को त्वरित राहत प्रदान की जा रही है। प्रशासन द्वारा  पंचायत, राजस्व, नगरीय निकाय, सड़क, बिजली, पेयजल, खाद्य, समाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के आवेंदनो का त्वरित निराकरण कर आमजनों को राहत पहुचाया जा रहा है। यह पहल न केवल जनसमस्याओं के समयबद्ध निराकरण को सुनिश्चित कर रही है, बल्कि प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास को भी सुदृढ़ बना रही है।

Spread the word