पाकिस्तान ने किया हवाई हमला, अफगानिस्तान में 11 बच्चों की मौत, पाक हेलिकॉप्टर हुआ क्रेस

काबुल। पाकिस्तान ने बुधवार तड़के अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांतों खोस्त, कुनार और पक्तिका में हवाई हमले किए। तालिबान सरकार ने बताया कि इन हमलों में 13 लोगों की मौत हुई, जिनमें 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल है। 14 अन्य नागरिक घायल हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तान ने हमलों की पुष्टि करते हुए दावा किया कि कार्रवाई आतंकवादी ठिकानों और ढांचे को निशाना बनाकर की गई थी। इसमें 26 आतंकवादी मारे गए। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। उन्होंने हमलों को मानवीय अपराध और आक्रामकता की कार्रवाई बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। तालिबान ने मारे गए बच्चों की तस्वीरे भी जारी कीं।

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि सीमा क्षेत्र में सटीक और सीमित हवाई हमले किए गए, जिनका उद्देश्य पाकिस्तान में हालिया हमलों के मास्टरमाइंड के ठिकानों को नष्ट करना था। ट्रेनिंग कैंप, हथियारों के भंडार को नष्ट किया गया।

टीटीपी की आड़ में हमले करता है पाकिस्तान

एक दिन पहले खैबर पख्तूनख्वा के हसन खेल क्षेत्र में सुरक्षा चौकी पर हुए हमले के बाद पाकिस्तान ने हमले किए। इसमें छह सैनिकों की मौत हो गई थी। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में आठ हमलावरों को मार गिराने का दावा किया है। पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लड़ाके अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में हमले करते हैं, जबकि काबुल इन आरोपों से इनकार करता रहा है। इस साल मार्च में भी पाकिस्तान ने एक नशामुक्ति केंद्र पर हमला किया था, जिसमें 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

पाक हेलीकॉप्टर क्रेस

दूसरी ओर पाकिस्तान सेना का एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर बुधवार को मुजफ्फराबाद के पास उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में सवार सभी सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। कोई भी जीवित नहीं बचा। हालांकि, मृतकों की स्पष्ट संख्या नहीं बताई गई है। पाकिस्तानी सेना का कहना है कि दुर्घटना का प्रारंभिक कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पीओके में जारी प्रदर्शनों के बीच पाकिस्तान अतिरिक्त सैन्य तैनाती में जुटा है। माना जा रहा है कि इन सैनिकों को तैनाती के लिए ले जाया जा रहा था। एमआई-17 हेलीकॉप्टर 30 सैनिक, 12 स्ट्रेचर या लगभग 4000 किलोग्राम सामान ले जाने में सक्षम है।

प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई, इनाम घोषित

पीओके में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद पाकिस्तान ने चार प्रदर्शनकारियों की तलाश में अभियान शुरू किया है। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) से जुड़े नेताओं की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए एक करोड़ पाकिस्तानी रुपये के इनाम की घोषणा की है। दो नेताओं के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई शुरू होगी।

Spread the word