कटघोरा पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग, लगातार विस्फोट से दहला इलाका

कोरबा 10 जून। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित एक पटाखा गोदाम में बुधवार को भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही गोदाम में रखे पटाखों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान आसमान में धुएं का विशाल गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।

जानकारी के अनुसार, रामपुर स्थित शर्मा पटाखा गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में रखे पटाखों के कारण लगातार विस्फोट होते रहे, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि पटाखों में लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण दमकल कर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके को खाली कराते हुए घेराबंदी कर दी है। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के कुछ ही मिनटों बाद पटाखों में विस्फोट शुरू हो गए, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित दूरी बनाकर घटनास्थल की स्थिति देखते रहे।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी। हालांकि गोदाम में रखे लाखों रुपये के पटाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Spread the word