विधायक पटेल ने कटघोरा में विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को दी सौगात

कोरबा 10 जून। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने नगर पालिका परिषद कटघोरा अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इस दौरान लगभग 96 लाख रुपये की लागत से होने वाले महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
विधायक श्री पटेल ने कसनिया स्थित कउहा नाला में छापरपारा से नवापारा को जोडने वाले लगभग 33 लाख रुपये की लागत के पुल निर्माण कार्य, वार्ड क्रमांक 15 बरभांठा में 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, मरखी माता परिसर में 18 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 13 में 30 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर विधायक श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की निरंतर श्रृंखला जारी है। उन्होंने कहा कि सडक, पुल, सामुदायिक भवन एवं अन्य जनसुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर, वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद अजय गर्ग, वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद रमेश पटेल, वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद श्रीमती नीतू नवनीत पटेल, वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद लक्ष्मी खैरवार, वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद संजय अग्रवाल, वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद राजू दीवान, विधायक प्रतिनिधि अमित जायसवाल, भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा, आत्मा नारायण पटेल, बजरंग पटेल, मंडल महामंत्री समजीत सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अनुराग दुहलानी, रूपेश डिक्सेना, श्याम सुंदर कश्यप, नगर पालिका के कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से लंबित मांगों को स्वीकृति एवं भूमिपूजन के लिए विधायक प्रेमचंद पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी तथा आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
