रताखार क्षेत्र में नालियां जाम, गंदे पानी व कचरा से बढ़ी परेशानी

कोरबा 08 जून। शहर के रताखार क्षेत्र में इन दिनों साफ-सफाई की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। क्षेत्र की कई नालियों के आसपास मलबा और कचरा जमा होने से गंदगी का माहौल निर्मित हो गया है। वहीं कई स्थानों पर नालियां अवरुद्ध होने के कारण गंदे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में पड़ रही तेज गर्मी के कारण नालियों और मलबे में जमा पानी से दुर्गंध उठ रही है। इससे आसपास रहने वाले लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने चिंता जताई है कि मानसून की शुरुआत से पहले यदि नालियों की सफाई और मलबे का निष्पादन नहीं किया गया तो बारिश के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। इससे लोगों के घरों और सडकों पर पानी भरने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि रताखार क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों की सफाई कराई जाए, अवरोध हटाए जाएं और जमा मलबे का शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि बारिश से पहले क्षेत्र की व्यवस्था दुरुस्त हो सके और नागरिकों को राहत मिल सके।
