कोरबा पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों पर की बड़ी कार्रवाई, 16 टन कबाड़ व 4 वाहन जब्त

कोरबा 07 जून। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 16 टन लोहे का कबाड़ और 4 वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 13.40 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों, कबाड़ चोरों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उरगा और कुसमुंडा थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
थाना उरगा प्रभारी निरीक्षक नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 जून को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुरूडीह स्थित एक बंद परिसर में दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ और वाहन बरामद किए गए।
पुलिस ने एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक और एक अन्य ट्रक सहित कुल 14 टन लोहे का कबाड़ तथा मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट्स जब्त किए। इस कार्रवाई में बरामद सामग्री और वाहनों की कुल कीमत लगभग 12.60 लाख रुपये आंकी गई है।
वहीं, 7 जून को थाना कुसमुंडा पुलिस को वैशालीनगर जरहाझेल 06 नंबर बेरियर मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन लावारिस हालत में खड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।
पुलिस को पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-10-ई-8576 में लोहे की जाली, पाइप, रोलर और अन्य सामग्री सहित करीब 2 टन लोहे का कबाड़ मिला। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन और उसमें रखे कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद पुलिस ने वाहन और सामग्री को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में जब्त कबाड़ संदिग्ध और लावारिस प्रकृति का पाया गया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर समस्त सामग्री को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कोरबा पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कबाड़ चोरी, अवैध परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, चोरी के माल के अवैध कारोबार या अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
