तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में 3 की मौत, 2 गंभीर घायल

कोरबा 03 जून। जिले में मंगलवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसों के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पाली थाना पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा बिलासपुर-कटघोरा मुख्य मार्ग (एनएच-130) पर मुनगाडीह के पास हुआ। तेज रफ्तार माल वाहक वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि माल वाहक वाहन बिलासपुर की ओर से आ रहा था।
दूसरी दुर्घटना धौराभाटा के पास हुई, जहां ट्रेलर और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज पाली स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, तभी बाइक उसकी चपेट में आ गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तीसरी घटना डूमरकछार ओवरब्रिज हाईवे पर हुई। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पाली थाना पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। एक ही दिन में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
