सरस्वती विद्यालय सीतामणी में संस्कृत प्रबोधन वर्ग का आयोजन कल से

कोरबा 02 जून। संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं जन-जन में संस्कृत संभाषण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्कृत भारती, छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा प्रांतीय संस्कृत प्रबोधन वर्ग का आयोजन 3 जून 2026 से 11 जून 2026 तक सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामढ़ी, कोरबा में किया जा रहा है।
संस्कृत भारती के कोरबा जिला संयोजक मनोज वैष्णव ने बताया कि यह प्रबोधन वर्ग पूर्णतः आवासीय रहेगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से संस्कृत शिक्षक, विद्यार्थी, कार्यकर्ता एवं संस्कृत प्रेमी सहभागी होंगे। वर्ग में संस्कृत भाषा को सरल, सहज एवं व्यवहारिक रूप से बोलने का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही संस्कृत संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। संस्कृत भारती का मानना है कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान और जीवन मूल्यों की संवाहक है।
इस प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से संस्कृत को जनसामान्य के व्यवहार में लाने तथा संस्कृत भाषियों का एक सशक्त समूह तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि रखने वाले सभी संस्कृत अनुरागियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों से इस प्रबोधन वर्ग में सहभागिता का आग्रह किया गया है।
