कोरबा विशेष- संक्षिप्त समाचार

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा भर्ती निरस्त

कोरबा, 01 जून 2026/ कार्यालय कलेक्टर एवं अध्यक्ष, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल संचालन समिति, जिला कोरबा द्वारा जारी विज्ञापन के माध्यम से जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक रिक्त पदों की संविदा आधार पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी।

लोक शिक्षण संचालनालय, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर द्वारा 30 मई 2026 को जारी निर्देश के अनुसार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रचलित संविदा भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।

उक्त निर्देशों के परिपालन में कोरबा जिले के अंतर्गत संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक रिक्त पदों पर संविदा भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है। इस संबंध में जारी पूर्व विज्ञापन अब प्रभावी नहीं रहेगा।

…………..

अप्रैल-मई में किसानों को 2101.85 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण, खरीफ सीजन की तैयारियां तेज

कोरबा, 01 जून 2026/जिले में खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों के तहत किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा अप्रैल एवं मई माह में व्यापक स्तर पर उर्वरक वितरण किया गया। जिला कोरबा में 1 अप्रैल से 31 मई 2026 तक कुल 2101.85 मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किसानों को किया गया है।

कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में सर्वाधिक 1165.85 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया गया। इसके अलावा 310.85 मीट्रिक टन डीएपी, 67.75 मीट्रिक टन एमओपी, 437.70 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 119.70 मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक किसानों को उपलब्ध कराया गया। अप्रैल माह में कुल 191.51 मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया गया, जबकि मई माह में वितरण बढ़कर 1910.34 मीट्रिक टन तक पहुंच गया।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण एवं सतत वितरण किया जा रहा है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विभाग द्वारा सहकारी समितियों, निजी विक्रेताओं एवं अन्य माध्यमों से किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक क्रय करें तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी कृषि विभाग को दें। प्रशासन द्वारा उर्वरक वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जा रही है ताकि किसानों को समय पर आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध हो सके।

…………….

डोंगानाला में जनसमस्या निवारण शिविर 02 जून को

कोरबा 01 जून 2026/ सुशासन तिहार 2026 के तहत ग्रामीणों के समस्याओं, मांग एवं शिकायतों के निराकरण और उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने व लाभान्वित किये जाने के उद्देश्य से 02 जून को प्रातः 10 बजे से विकासखंड पाली के कलस्टर ग्राम डोंगानाला में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित की जायेगी।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने विभागीय अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं। साथ ही ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

………………..

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पोंड़ीउपरोड़ा में  प्रवेश हेतु 15 जून तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

कोरबा 01 जून 2026/ शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पाली में व्यवसाय- कोपा, आईओटी टेक्नीशियन (स्मार्ट एग्रीकल्चर) एवं आईओटी टेक्नीशियन (स्मार्ट हेल्थकेयर) में रिक्त स्थानों के लिये प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 15 जून 2026 रात्रि 11.59 बजे तक आमंत्रित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट  cgiti.admissions.nic.in  पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी उक्त वेबसाइट पर उपलब्ध है।

………………..

Spread the word