कुसमुंडा क्षेत्र में बवालः माइनिंग सरदार से बदसलूकी पर भड़का स्टाफ, प्रोडक्शन ठप, ड्राइवर पर बर्खास्तगी की कार्रवाई

कोरबा 01 जून। कुसमुंडा कोयला खदान क्षेत्र में बीते दिन (31 मई 2026) को माहौल उस समय बेहद तनावपूर्ण हो गया, जब रात्रि पाली में ड्यूटी पर तैनात माइनिंग सरदार श्री चंद्रशेखर दास के साथ नीलकंठ कंपनी के एक ड्राइवर ने गाली-गलौज और मारपीट कर दी। इस घटना से आक्रोशित होकर पूरा माइनिंग स्टाफ सतर्कता चौक पर लामबंद हो गया और विरोध स्वरूप खदान का प्रोडक्शन (उत्पादन) पूरी तरह ठप कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, नीलकंठ कंपनी के ड्राइवर राजन पटेल (वाहन संख्याः सीजी-12 बीआर 5119) ने माइनिंग सरदार चंद्रशेखर दास के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की। इस घटना की खबर फैलते ही माइनिंग सुपरवाइजर्स और स्टाफ में भारी आक्रोश फैल गया। सभी काम बंद कर सतर्कता चौक पर जमा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन और नीलकंठ कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा माफीनामा सौंपने और दोषी ड्राइवर के खिलाफ सख्त लिखित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही स्टाफ शांत हुआ और काम पर वापस लौटा।
हाथ से लिखे गए आधिकारिक आदेश के अनुसार, मामले में निम्नलिखित त्वरित कदम उठाए गए हैंः-
ड्राइवर की बर्खास्तगीः दोषी ड्राइवर राजन पटेल को तत्काल प्रभाव से डिसमिस और ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
मैनेजर से मांगा माफीनामाः नीलकंठ कंपनी के मैनेजर श्री विनोद चौधरी से सामूहिक रूप से माफीनामा मांगा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिलिपिः इस लिखित कार्यालयीन आदेश की प्रति वरिष्ठ ओवरमैन मैन श्री अशोक साहू को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु सौंपी गई है।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से अशोक साहू, मनीष सिंह, बबई, संदीप, लक्ष्मी, सुमंत, विमल, उपेंद्र, पवन, अभिनव, दिनेश महोबिया, रवि राठौर, तुलसी सर, बासु मंडल, कुलदीप, दीपक सोरेन, अशोक किसान, अनिल बंजारे, नितेश रंजन, सुशील पैकरा, महेंद्र कुमरे, मनीराम साहू, अनिल केशरी सहित लगभग 60 से 70 माइनिंग सुपरवाइजर और कर्मचारी एकजुट होकर हक की आवाज बुलंद करने पहुंचे थे।
