बच्चों को व्यक्तित्व विकास व नैतिक विषयों पर दिये मार्गदर्शन

कोरबा 31 मई। भारत विकास परिषद, कोरबा द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित विशेष शिविर का समापन रविवार की शाम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर के दौरान बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक मूल्यों से संबंधित विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। समापन समारोह में प्रतिभागी बच्चों को उनकी सक्रिय भागीदारी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी वितरित किए गए।
शिविर में विद्या भारती मध्य क्षेत्र के उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर, प्राचार्य सूर्यकुमार पांडे, वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. जुगल किशोर दानी, प्रेम रामचंदानी, महेश अग्रवाल, महेश गुप्ता सहित अन्य विशेषज्ञों एवं गणमान्य प्रतिनिधियों ने बच्चों को अलग-अलग विषयों पर उपयोगी जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार, शिक्षा के महत्व, स्वास्थ्य जागरूकता तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के विभिन्न सूत्रों से अवगत कराया। भारत विकास परिषद के प्रांतीय पदाधिकारी धर्मेंद्र कुरेशिया ने परिषद की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन अखिल भारतीय स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि परिषद का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं के समग्र विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। देशभर में परिषद द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के उल्लेखनीय परिणाम सामने आ रहे हैं, जिससे समाज के सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। शिविर के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की भी विशेष चिंता की गई।
इस अवसर पर डॉ. संजय अग्रवाल, निधि अग्रवाल एवं उनकी टीम द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं शहर के अनुभवी नेत्र चिकित्सक डॉ. जुगल किशोर दानी ने नेत्र परीक्षण कर बच्चों को आवश्यक परामर्श प्रदान किया। स्वास्थ्य जांच के दौरान कई बच्चों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। समापन समारोह में पद्मिनी साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक, अभिभावक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने भारत विकास परिषद के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगियों एवं प्रतिभागी बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया।
