आंधी और बारिश के बीच हुआ हादसा, तीन किशोरों की मौत

कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक हादसे में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ग्राम पहाड़गांव के बाईसेमर मोहल्ले की है।

जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम को चले तेज आंधी, तूफान और बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे तीनों किशोर रुके हुए थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण पेड़ की भारी भरकम डाल टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ी, जिसमें दबकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर लोग वहां पहुंचे व घायलों को तत्काल पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। रास्ते में एक किशोर ने दम तोड़ दिया वहीं दो अन्य किशोरों की अस्पताल में ईलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में कमलेश पिता समर साय 18 वर्ष, दिनेश तिर्की पिता ओमप्रकाश तिर्की 17 वर्ष व शिवराम टेकाम पिता समर सिंह गोंड़ 14 वर्ष, सभी निवासी बाईसेमर चोरकाडांड ग्राम पंचायत पहाड़गांव शामिल हैं। इस हादसे के बाद गांव में शोक व्याप्त है व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर तहसीलदार श्री मांडवी भी पहुंचे और प्रशासन की ओर से यथा संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कोरबा सांसद डॉ. ज्योत्सना महंत ने हादसे जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया। पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा ने भी अपने प्रतिनिधि के माध्यम से घटना जानकारी ली और अधिकारियों को शोकाकुल परिवार की हर सम्भव मदद करने तथा नियमानुसार प्रशासनिक आर्थिक सहयोग हेतु अनुरोध किया है।

आपको बता दें कि मौसम सम्बन्धी चेतावनी के बीच शनिवार को रुख बदला और एकाएक चले तेज आंधी तूफान के साथ मूसलाधार बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि ने शहर से लेकर गांव तक सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शाम से लेकर रात तक जगह-जगह अंधेरा छाया हुआ है। आंधी-तूफान की वजह से कई जगह पेड़ों की डालियां विद्युत तारों पर गिर पड़ी तो कुछ स्थानों में बिजली के खंभे ही उखड़ गए। इन सब की वजह से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है।

शनिवार को दोपहर के बाद मौसम एकाएक बदला और अप्रत्याशित गति से चली आंधी में उड़े फ्लाई ऐश के गुबार ने एक बार फिर राख प्रभावित इलाकों समेत पूरे कोरबा शहर को अपने गुबार में समेट लिया।

आधे घंटे से अधिक समय तक चले आंधी-तूफान के बाद तेज बारिश ने राख वर्षा से राहत दिलाई। तेज हवाओं के बीच चौतरफ़ा मूसलाधार बारिश ने अव्यवस्थाओं की एक बार फिर पोल खोली। नमूना बनी कई सड़कों और निचले इलाकों में जल भराव की नौबत आई तो सड़क से गुजरने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। छोटी नालियां उफान पर रहीं। नगर निगम के चंद इंजीनियरों की निगरानी में बने अजब -गजब नाली और नाला का पानी सड़क पर बहता नजर आया। ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि हुई। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्रामीण अंचलों में ओलावृष्टि ने लोगों को कौतूहल में डाला तो वहीं इसकी वजह से फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना बनी है।

Spread the word