चमोली में 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन की मौत

चमोली,30 मई ।उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार की सुबह बुरी खबर लेकर आई। यहां देवाल-लोहाजग मोटर मार्ग के ल्वाणी के पास ईको कार 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
उक्त वाहन में देहरादून में इलाज के दौरान मृत व्यक्ति का शव लेकर स्वजन गांव जा रहे थे। पुलिस, डीडीआरएफ एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। तीन अन्य बुरी तरह घायल हैं। वाहन देहरादून से बांक गांव आ रहा था। घटना शनिवार सुबह 4 बजे की बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल ले जाया गया है। एयर एम्बुलेंस से देहरादून ले जाने की तैयारी चल रही है।
जानकारी के मुताबिक देवाल में दुर्घटनाग्रस्त वाहन में स्वजन शव ले जाकर गांव जा रहे थे। इस दौरान वह रास्ते में हादसे के शिकार हो गए। देवाल के उप निरीक्षक संदीप देवरानी द्वारा थानाध्यक्ष थराली को सूचना दी गई कि ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में एक वाहन सडक़ से गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। थानाध्यक्ष मय पुलिस बल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। साथ ही उपजिलाधिकारी को अवगत कराते हुए राहत एवं बचाव कार्य हेतु डीडीआरफ टीम को भी मौके पर भेजने का अनुरोध किया गया।
