एमपी नगर में तीन दिवसीय निःशुल्क योग संस्थान शिविर 28 से

कोरबा 27 मई। बदलती जीवन शैली, अनियमित दिनचर्या, खानपान और शारीरिक निष्क्रियता के कारण मोटापा आज एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। इससे स्वास्थ्य संबंधी कई प्रकार के रोग उत्पन्न होते हैं। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायराइड, हृदय रोग, घुटनों के दर्द, श्वसन संबंधी रोग, पाचन संबंधी रोग, मानसिक रोग आदि अनेक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय योग संस्थान, कोरबा द्वारा तीन दिवसीय निःशुल्क मोटापा शिविर का आयोजन 28 से 30 मई तक किया जा रहा है। यह विशेष शिविर प्रतिदिन प्रातर: 5.45 बजे से 7.30 बजे तक महिला बाल उद्यान योग गार्डन, महाराणा प्रताप नगर, कोरबा में आयोजित होगा। शिविर में भारतीय योग संस्थान के अनुभवी योग शिक्षकों द्वारा मोटापा नियंत्रण एवं शरीर को स्वस्थ रखने हेतु विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, योगिक उपचार व मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। भारतीय योग संस्थान की जिला प्रधान श्रीमती आभा अग्रवाल ने बताया कि नियमित योगाभ्यास व ध्यान की साधना से केवल वजन ही नियंत्रित नहीं होता बल्कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, पाचन शक्ति मजबूत होती है तथा मानसिक तनाव व अनेक रोगों के नियंत्रण में सहायता मिलती है।

भारतीय योग संस्थान दृढ़ संकल्पित है कि प्रत्येक प्राणी जीवों और जीवन दो के सिद्धांत को अपने जीवन में आत्मसात करें और ईश्वर के निष्काम सेवा में अपना योगदान दे तथा अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दें। आभा अग्रवाल भारतीय योग संस्थान के सभी शिक्षक और सेलिब्रेशन योग ग्रुप की संचालिका श्रीमती भारती आनंद ने कोरबा शहर की महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए आग्रह किया गया है।

Spread the word