आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई तीन करोड़ कैश लेकर जा रही वैन, दो गनमैन की मौत

खंदौल (आगरा)। एक्सिस बैंक का तीन करोड़ कैश लेकर आगरा से अलीगढ़ जा रही रेडियंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड की वैन यमुना एक्सप्रेस वे पर सोमवार दोपहर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में वैन में कैश की सुरक्षा के लिए सवार दो गनमैन की मृत्यु हो गई। वैन चालक और दो कस्टोडियन गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैश वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने पर आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही कैश को सुरक्षा में लिया। हादसे की वजह कैश वैन की तेज रफ्तार बताई जा रही है।
रेडियंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड कैश लाने और ले जाने का काम करती है। एक्सिस वैन की आगरा स्थित मुख्य ब्रांच से तीन करोड़ रुपये कैश लेकर वैन अलीगढ़ के लिए रवाना हुई थी।
वैन में चालक रघुराज सिंह निवासी मेडू हाथरस के अलावा गनमैन भानुप्रताप निवासी उदेहान थाना सहपऊ हाथरस, गनमैन बाबू सिंह निवासी खेरिया जलाली, अलीगढ़ तथा कस्टोडियन मनोज कुमार हाथरस और निरंजन सिंह पोरा हाथरस सवार थे।
दोपहर 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेस वे के किलोमीटर 157 पर कैश वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 43 वर्षीय गनमैन भानु प्रताप और 45 वर्षीय बाबू सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं चालक सहित तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
