खनिज विभाग कलेक्टर की आंख में धूल झोंक रहा या कि साहब भी रेत माफिया पर मेहरबान हैं?

कोरबा। जिला मुख्यालय को छोड़कर कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खनिज विभाग अभियान चलाकर अवैध उत्खनन पर कार्रवाई कर रहा है। विभाग को मिट्टी मुरुम के मामले मिल रहे हैं, लेकिन आम जनता जिसे 24 घंटे खुली आँखों से देख रही है, वह रेत की चोरी खनिज विभाग को दिख नहीं दे रही है। खनिज विभाग कलेक्टर की आंख में बड़ी दिलेरी के साथ धूल झोंक रहा है अथवा कलेक्टर साहब भी रेत माफिया पर मेहरबान है? यह सवाल आम जनमानस को मथ रहा है।

खनिज विभाग के अनुसार कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं जांच की गई है।

कार्यवाही के दौरान खनिज रेत, गिट्टी एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई कर बरमपुर से अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर तथा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा को जप्त कर सर्वमंगला चौकी अभिरक्षा में रखा गया।

राताखार में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक टीपर को कार्रवाई कर जप्त किया गया। वहीं जरहा जेल बरमपुर में बसाहट समतलीकरण के लिए किए जा रहे कार्य में बिना वैधानिक अनुमति मिट्टी का उत्खनन व परिवहन करवाने पर कार्रवाई करते हुए मौके पर स्थित चार चैन माउंटेन को जप्त कर सील किया गया।

गेवरा बस्ती से मुरुम का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो ट्रैक्टरों को कार्रवाई करते हुए कुसमुंडा थाना अभिरक्षा में रखा गया है। नरईबोध में ईंट भट्ठे से ईंट का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को जप्त किया गया। इंदलभाटा तरदा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को भी कार्रवाई कर जप्त किया गया।

इसी प्रकार उरगा क्षेत्र में मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर एक चैन माउंटेन और तीन हाइवा को जप्त कर सील किया गया। सभी जप्त वाहनों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई हेतु संबंधित पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।

Spread the word