पेयजल आपूर्ति को लेकर भाजपा नेत्री व पंचायत कर्मियों के साथ मारपीटः अनिल राठौर के खिलाफ थाने में शिकायतें दर्ज

कोरबा 25 मई। ग्राम पंचायत हरदीबाजार में पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्था को जबरन ठप करने पंचायत कर्मियों के साथ मारपीट करने और भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला कर महिलाओं को डराने-धमकाने का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है इस संबंध में ग्राम पंचायत हरदीबाजार और पीडित महिला नेत्री द्वारा थाना प्रभारी हरदीबाजार को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी अनिल राठौर के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है ।

भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री श्रीमती अनुसूईया राठौर ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 22.05.2026 की रात लगभग 8.00 बजे आरोपी अनिल दो अन्य गुंडों के साथ उनके घर पर धमक गया उस वक्त घर पर केवल महिला नेत्री और उनकी पुत्री ही मौजूद थीं जबकि पुरुष सदस्य काम से बाहर गए हुए थे आरोपी ने उनके बंद दरवाजे को लात-घूंसों से तोडने का प्रयास किया गालियां दीं। आरोपी ने धमकी दी कि बाहर खड़े ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को आग के हवाले कर देगा इस घटना से महिला नेत्री और उनका परिवार खौफ के साए में है एक महिला पदाधिकारी और उनके परिवार पर इस तरह का हमला क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस घटना से ठीक पहले उसी शाम आरोपी ने पूरे गांव की प्यास बुझाने वाली सरकारी व्यवस्था पर भी हमला किया था ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर, उपसरपंच और सचिव द्वारा दी गई आधिकारिक शिकायत के अनुसार दीपका परियोजना के तहत ग्राम पंचायत हरदीबाजार के आम नागरिकों तक पानी के टैंकरों के माध्यम से पेयजल की सप्लाई की जाती है दिनांक 22.05.2026 को शाम लगभग 6.00 बजे आरोपी द्वारा दुर्भावनापूर्वक बीच रास्ते में पानी की सप्लाई में लगे टैंकर को रोक लिया गया आरोपी ने पानी सप्लाई के काम की देखरेख करने वाले मुंशी जय कुमार साहू और टैंकर चालक ओमप्रकाश रोहिदास के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की । इस कारण ग्राम पंचायत की आवश्यक पानी सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई जिससे भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने लोक संपत्ति की सेवा को रोकने और कर्मियों से मारपीट करने के खिलाफ अनिल राठौर पर तत्काल कड़ी कानूनी धाराओं के तहत दर्ज की जाए ।

टैंकर चालक ओमप्रकाश रोहिदास (ट्रैक्टर क्रमांकः- 22 8421) ने भी पृथक से थाना हरदीबाजार में लिखित शिकायत दर्ज कराई है ओमप्रकाश ने बताया कि वह गेवरा क्षेत्र से टेंडर का पानी लेकर उमेंदीभांठा जा रहा था रास्ते में हरि साइकिल स्टोर (शिक्षक नगर) के पास आरोपी अनिल राठौर ने जबरन रास्ता रोका और उस क्षेत्र में पानी खाली करने का दबाव बनाया जब चालक ने बताया कि उसका टेंडर उमेंदीभांठा क्षेत्र के लिए है तो आरोपी ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की । भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हुए हमले और ग्राम पंचायत की पेयजल व्यवस्था को ठप करने की इस दोहरी वारदात के बाद पूरे हरदीबाजार क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है एक तरफ जहां ग्राम पंचायत ने इसे सरकारी काम में बाधा और आवश्यक सेवा को रोकने का गंभीर अपराध माना है वहीं दूसरी तरफ महिला नेत्री पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी उबाल है ग्राम पंचायत हरदीबाजार भाजपा संगठन और समस्त पीडित पक्षों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी मांग की है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए आरोपी और उसके सहयोगियों को तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए ।

Spread the word