डंपिंग के दौरान अनियंत्रित होकर डंपर नीचे गिरा, ऑपरेटर घायल

कोरबा 24 मई। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खदान में कोयला फेस पर डंपिंग के दौरान करीब 60 टन वजनी डम्फर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। हादसे में डम्फर ऑपरेटर राघवेंद्र को चोटें आई हैं। घटना के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि ऑपरेटर राघवेंद्र डंपर लेकर कोयला फेस में डंपिंग करने पहुंचा था। इसी दौरान फेस की जमीन अचानक धंसने और फिसलन होने से डम्फर का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते भारी वाहन अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा और पलट गया। हालांकि पलटने के बाद डम्फर दोबारा सीधा हो गया, जिससे ऑपरेटर की जान बच गई। घटना के तुरंत बाद मौजूद कर्मचारियों और बचाव दल ने घायल ऑपरेटर को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद खदान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि कोयला फेस की सुरक्षा और स्थिरता को लेकर आवश्यक सावधानियां नहीं बरती जा रही हैं। यदि समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। मजदूर संगठनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद कुछ समय तक खदान क्षेत्र में कामकाज भी प्रभावित रहा। फिलहाल प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन आंतरिक जांच शुरू होने की जानकारी दी जा रही है।

Spread the word