तेंदुए का आतंक: 7 वर्षीय बच्चे पर हमला, गंभीर हालत में रायपुर रेफर

गरियाबंद। जिला मुख्यालय के आसपास एक बार फिर तेंदुए की दहशत फैल गई है। कोदोबतर के चट्टानपारा इलाके में गुरुवार रात एक 7 वर्षीय मासूम पर तेंदुए ने हमला कर दिया। बच्चा पड़ोस के घर से टीवी देखकर लौट रहा था, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे जंगल की ओर खींचने लगा।
गर्दन दबोचकर ले जा रहा था तेंदुआ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चट्टानपारा निवासी धनेश कुमार रात में घर लौट रहा था। इसी दौरान तेंदुए ने अचानक उस पर झपट्टा मारते हुए उसकी गर्दन दबोच ली। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए तेंदुए से भिड़ गए। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया गया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके गर्दन और शरीर पर गहरे घाव के निशान पाए गए हैं। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया।
इलाके में दहशत, ग्रामीणों में भय
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में अक्सर तेंदुए जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। गरियाबंद मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर के दायरे में हर साल तेंदुओं की आवाजाही देखी जाती है, जिससे जनहानि का खतरा बना रहता है।
वन विभाग अलर्ट, लगाए गए ट्रैप कैमरे
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। वन विभाग गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।
रेंजर प्रांजली मिश्रा ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
