रूस और चीन के राष्ट्रपतियों ने की ईरान पर अमरीका- इजराइल के हमलों की निंदा

बीजिंग. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ईरान पर अमरीका-इजराइल के हमलों की निंदा की है। साथ ही अमरीका की प्रस्तावित गोल्डन डोम मिसाइल रक्षा परियोजना की भी आलोचना की। यह प्रोजेक्ट राष्ट्रपति ट्रंप ने शुरू किया गया। संयुक्त बयान में कहा गया कि इस तरह की तकनीक वैश्विक रणनीतिक स्थिरता के लिए सीधा खतरा है। इससे अंतरिक्ष में संघर्ष का खतरा बढ़ेगा, अंतरिक्ष का सैन्यीकरण होगा। ईरान पर अमरीका-इजराइल के हमलों पर दोनों देशों ने कहा, ये हमले अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है। दोनों ने सभी पक्षों से जल्द से जल्द बातचीत करने की अपील की।
गैस पाइपलाइन बिछाने पर कोई समझौता नहीं
रूस-चीन के बीच प्रस्तावित साइबेरिया 2 गैस पाइपलाइन प्रोजेक्ट पर कोई समझौता नहीं हुआ। हालांकि, रूस ने कहा कि मुख्य बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है। अगर बात बनी तो यह पाइपलाइन उत्तरी साइबेरिया के रूस के विशाल प्राकृतिक गैस क्षेत्र से मंगोलिया के रास्ते चीन तक गैस पहुंचाएगी।
